Summer Express, चंडीगढ़ | हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की महासचिव सुचित्रा देवी को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। यह कार्रवाई उस समय की गई जब उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व और गांधी परिवार पर विधानसभा टिकट के नाम पर करोड़ों रुपये लेने का आरोप लगाया था।
पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए सुचित्रा देवी को संगठन से बाहर करने का निर्णय लिया। सुचित्रा देवी ने दावा किया था कि बावल विधानसभा सीट का टिकट दिलाने के नाम पर उनसे करीब 7 करोड़ रुपये लिए गए।
इस विवाद के बीच सुचित्रा देवी के पति गौरव कुमार ने भी गंभीर आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि विधानसभा चुनाव का टिकट दिलाने के लिए कांग्रेस के कुछ नेताओं को पैसे दिए गए थे। गौरव कुमार ने यह भी दावा किया कि इस मामले से जुड़े चैट उनके पास मौजूद हैं, जिनमें कथित तौर पर पैसे लेने की बात स्वीकार की गई है।
हालांकि कांग्रेस पार्टी ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। गौरव कुमार ने कहा कि वह पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के सामने यह मुद्दा उठाना चाहते हैं, ताकि उन्हें पता चल सके कि संगठन के भीतर क्या चल रहा है।
दूसरी ओर सुचित्रा देवी का कहना है कि उन्होंने लगभग 12 दिन पहले ही पार्टी से इस्तीफा दे दिया था, लेकिन अभी तक उसे स्वीकार नहीं किया गया था। उन्होंने बताया कि उनका परिवार पिछले करीब 56 वर्षों से कांग्रेस से जुड़ा रहा है और उन्होंने पार्टी के लिए काफी योगदान दिया है।
उधर हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि उन्हें इस मामले की व्यक्तिगत रूप से जानकारी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस में टिकट के बदले पैसे लेने की कोई परंपरा नहीं है और इस तरह के आरोप निराधार हैं।