Summer Express, हिसार | शहर के नागरिक अस्पताल में करोड़ों रुपये खर्च किए गए सुंदरीकरण कार्य पर अब सवाल उठने लगे हैं। अस्पताल के फिजिशियन विभाग की ओपीडी नंबर-2 और ओपीडी नंबर-3 में छत से पानी टपकने की घटना सामने आई है, जिससे स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष नागरिक अस्पताल में करीब साढ़े सात करोड़ रुपये के बजट से मरम्मत और सुंदरीकरण का काम कराया गया था। उद्देश्य अस्पताल की सुविधाओं को बेहतर बनाना और मरीजों को आधुनिक वातावरण उपलब्ध कराना था। लेकिन काम पूरा होने के कुछ ही महीनों बाद ही भवन की स्थिति पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि देर शाम फिजिशियन की ओपीडी नंबर-2 और 3 की छत से अचानक पानी टपकने लगा। उस समय दोनों ओपीडी कक्ष बंद थे, इसलिए किसी मरीज या स्टाफ को तत्काल नुकसान नहीं हुआ। हालांकि छत से लगातार पानी गिरने से कमरों के अंदर मौजूद सामान को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थिति को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने अस्थायी व्यवस्था के तहत ओपीडी कक्षों के बाहर दो डस्टबिन रख दिए, ताकि टपकते पानी को रोका जा सके। बाद में काफी देर के बाद संबंधित लाइन की पानी की सप्लाई बंद कराई गई, जिससे टपकाव कुछ हद तक रुका।
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि निरीक्षण के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि छत से पानी टपकने के कारण अंदर कितना नुकसान हुआ है। साथ ही तकनीकी टीम को भी बुलाया जाएगा, जो लीकेज के कारणों की जांच करेगी।
इस घटना ने हाल ही में कराए गए सुंदरीकरण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों का कहना है कि इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद अगर कुछ ही महीनों में इस तरह की समस्याएं सामने आ रही हैं, तो संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। फिलहाल अस्पताल प्रशासन मामले की जांच कर स्थिति सुधारने की बात कह रहा है।