Summer Express, अंबाला। हरियाणा के अंबाला जिले के कालपी गांव में भैंस चोरी की कोशिश के दौरान बदमाशों ने एक पशुपालक की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कालपी गांव निवासी 52 वर्षीय जय दयाल देर रात करीब अपने पशुओं की देखभाल कर रहे थे। इसी दौरान पिकअप वाहन में सवार कुछ नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और पशुधन चोरी करने का प्रयास करने लगे। आहट मिलने पर जय दयाल ने शोर मचाते हुए उन्हें रोकने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि विरोध करने पर हमलावरों ने तेजधार हथियारों से जय दयाल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर पास में मौजूद 65 वर्षीय रामरत्न भी मौके पर पहुंचे, लेकिन बदमाशों ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि भागते समय बदमाशों की गाड़ी ब्राह्मण माजरा मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हालांकि पुलिस और राहगीरों के पहुंचने से पहले ही आरोपी वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों के रास्ते फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। डीएसपी बराड़ा सुरेश शर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पलटी हुई गाड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, जिससे आरोपियों के बारे में अहम सुराग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।