Summer Express, गुरुग्राम | फरुखनगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार रोड़ी मिक्सर ट्रक ने युवक को टक्कर मार दी, जिसके बाद वह करीब 50 मीटर तक ट्रक के साथ घिसटता चला गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान फरुखनगर की बालाजी कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय गौरव के रूप में हुई है। इस संबंध में उसके जीजा सुनील कुमार ने पुलिस में शिकायत देकर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
परिजनों के अनुसार, गौरव की मां को हाल ही में दिल का दौरा पड़ा था और उन्हें एसजीटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गौरव अपनी मां के लिए खाना लेकर बाइक से अस्पताल जा रहा था। जैसे ही वह फरुखनगर बाईपास के टी-पॉइंट पर पहुंचा, तभी केएमपी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार रोड़ी मिक्सर ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर के बाद गौरव और उसकी बाइक ट्रक के आगे फंस गए और करीब 50 मीटर तक घिसटते रहे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि गौरव मूल रूप से बुलंदशहर के पहाड़पुर गांव का रहने वाला था और फरुखनगर स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत था।