Summer Express, पलवल | पलवल जिले के हथीन थाना क्षेत्र के गांव खिल्लूका में पुरानी रंजिश के चलते एक ही परिवार के तीन लोगों पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बीच-बचाव करने आई महिला का हाथ टूट गया।
पीड़ित हारून ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मस्जिद से नमाज पढ़कर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे चार लोगों ने उसे घेर लिया और लोहे की रॉड, सरियों व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गया।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों पर भी हमलावरों ने हमला कर दिया। हारून की भाभी शबनम बीच-बचाव के लिए आईं, लेकिन आरोप है कि उन पर भी रॉड से वार किया गया, जिससे उनका हाथ टूट गया। वहीं, आसिफ को भी लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया गया।
घटना के दौरान आसपास के लोग एकत्रित हो गए, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायलों को उपचार के लिए हथीन और पलवल के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।