Dharamshala, राहुल -:हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में एक बार फिर खेलों का उत्साह देखने को मिलेगा। स्पोर्ट्स सिटी के रूप में पहचान बना चुके इस शहर में 27 अप्रैल से 3 मई तक ऑल इंडिया शहीद मेजर दुर्गामल्ल–कैप्टन दल बहादुर मेमोरियल फुटबॉल गोल्ड कप का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता नेताजी सुभाष चंद्र बोस पुलिस मैदान में आयोजित होगी, जिसमें देशभर से करीब एक दर्जन टीमें हिस्सा लेंगी।
इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारतीय सेना, सीआईएसएफ सहित विभिन्न राज्यों की टीमें मैदान में उतरेंगी। खास बात यह है कि इस बार मणिपुर गोरखा फुटबॉल एसोसिएशन और पश्चिम बंगाल की बी टीम के भी पहली बार भाग लेने की संभावना है। प्रतियोगिता के विजेता को 2 लाख रुपये का नकद पुरस्कार, जबकि उपविजेता को 1 लाख रुपये दिए जाएंगे।गोल्ड कप से पहले इंटर-स्कूल अंडर-19 फुटबॉल प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसमें 12 टीमें भाग लेंगी। इसका फाइनल मुकाबला भी 3 मई को ही खेला जाएगा। आयोजन समिति ने इस बार प्रतियोगिता को और व्यापक बनाने के लिए लड़कियों की भागीदारी और वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी विशेष इवेंट शामिल किए हैं।
गोल्ड कप एसोसिएशन के अध्यक्ष पालम जंग थापा ने बताया कि यह टूर्नामेंट का 34वां संस्करण है और इसकी शुरुआत 1989 में हुई थी। उन्होंने कहा कि 3 मई को ही शहीद कैप्टन दल बहादुर का शहीदी दिवस भी मनाया जाता है, इसलिए इस आयोजन का विशेष महत्व है।एसोसिएशन ने केंद्र और राज्य सरकार से शहीदों के सम्मान में उनके शहीदी दिवस पर सरकारी अवकाश घोषित करने की मांग भी उठाई है। आयोजन को सफल बनाने के लिए नेपाल की एक फाउंडेशन भी सहयोग दे रही है।