Summer Express,फरीदाबाद | शहीदी दिवस के अवसर पर युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से “मेरा युवा भारत, मेरी जिम्मेदारी” थीम पर पदयात्रा आयोजित की गई। यह कार्यक्रम केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय और हरियाणा सरकार के खेल एवं युवा कार्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुआ।
इस मौके पर देशभक्त भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए पूरे भारत में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में प्रदेश में फरीदाबाद को मुख्य केंद्र बनाकर पदयात्रा का आयोजन किया गया।
पदयात्रा केएल मेहता वुमन कॉलेज से शुरू होकर भगत सिंह चौक तक चली। इसे केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे और प्रदेश के खेल मंत्री गौरव गौतम ने शुभारंभ किया। कार्यक्रम के समापन पर भगत सिंह चौक स्थित प्रतिमा स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
जिला युवा कार्यक्रम अधिकारी प्रियंका मलिक ने बताया कि यह पदयात्रा सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि युवाओं को जोड़ने, राष्ट्र निर्माण में भागीदारी बढ़ाने और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करने का ऐतिहासिक अवसर है।