Summer Express,सोनीपत | हरियाणा के सोनीपत जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दिल्ली के दो युवकों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक मुरथल में खाना खाने के बाद वापस दिल्ली लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली के पांच युवक होंडा अमेज कार में सवार होकर देर रात मुरथल पहुंचे थे। परांठे खाने के बाद वे सोमवार सुबह करीब चार बजे वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगी रेलिंग को तोड़ते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे में 25 वर्षीय विशाल (पुत्र श्याम), निवासी नंद नगर और 26 वर्षीय बिलाल (पुत्र अब्दुल), निवासी चांदबाग की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार उनके तीन अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को पहले रोहतक के पीजीआई में भर्ती कराया गया था, लेकिन बाद में परिजन उन्हें दिल्ली ले गए, जहां एक निजी अस्पताल में उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने बताया कि मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम सोमवार को कराया जाएगा। खराब मौसम के चलते परिजन अभी तक अस्पताल नहीं पहुंच सके हैं। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन का नियंत्रण खोना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।