Summer express,बरोटीवाला | बरोटीवाला में सड़क किनारे युवक का शव मिलने के मामले में पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर दो युवकों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और सबूत मिटाने का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि युवक को नशे की ओवरडोज़ दी गई और उसकी हत्या करने के बाद शव को सड़क किनारे फेंककर हादसा साबित करने की कोशिश की गई। मृतक की पहचान राम लाल, निवासी गांव ठेड़ा (लौदीमाजरा), के रूप में हुई है। वह ब्राह्मण बेली खेड़ा स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत था। परिजनों ने बताया कि वह काम पर गया था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। रात में उसने फोन पर बताया कि वह पंचकूला गया है और जल्दी लौट आएगा, लेकिन इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। पुलिस को सूचना मिली कि राम लाल का शव भटौलीकला रोड पर नैना अपार्टमेंट के पास सड़क किनारे पड़ा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया। मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतक के पिता जगदीश चंद ने पुलिस को शिकायत दी कि ,राम लाल ट्रक यूनियन बरोटीवाला गया था, जहां उसकी मुलाकात विनोद कुमार और बहादुर सिंह से हुई। तीनों ने नशीले पदार्थ का सेवन किया, लेकिन आरोप है कि विनोद और बहादुर ने जानबूझकर राम लाल को ओवरडोज़ दी, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपियों ने शव को ट्रक में डालकर नैना अपार्टमेंट के पास सड़क किनारे नाले में फेंक दिया ताकि मामले को दुर्घटना का रूप दिया जा सके।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 105, ए238 (सबूत मिटाना) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी बद्दी, विनोद धीमान ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत से चार दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। मामले की जांच अभी जारी है।