Summer Express,भिवानी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भिवानी जिले के तोशाम स्थित चौधरी सुरेंद्र सिंह खेल परिसर में आयोजित ‘उन्नत सिंचाई उत्सव’ का शुभारंभ किया और क्षेत्र के विकास के लिए 107.61 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कई अहम घोषणाएं करते हुए तोशाम क्षेत्र के बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों को जल संरक्षण और सूक्ष्म सिंचाई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कम पानी में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के लिए आधुनिक सिंचाई तकनीकें बेहद आवश्यक हैं, जिससे किसानों की आय भी बढ़ेगी और संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सकेगा। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी, मंत्री कृष्ण बेदी, सांसद धर्मबीर सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने भूमि अधिग्रहण को पारदर्शी बनाने के लिए ई-भूमि पोर्टल के विस्तार की घोषणा की। उन्होंने बताया कि अंबाला और नारायणगढ़ के बाद अब जल्द ही तोशाम में भी यह पोर्टल शुरू किया जाएगा, जिससे किसानों को उनकी जमीन का उचित और बाजार आधारित मूल्य मिल सकेगा। यह प्रक्रिया पूरी तरह स्वैच्छिक होगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के तहत मुख्यमंत्री ने तोशाम के सब-डिविजनल अस्पताल को 50 बेड से बढ़ाकर 100 बेड के जनरल अस्पताल में अपग्रेड करने का ऐलान किया। इससे स्थानीय स्तर पर लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही, क्षेत्र में अत्याधुनिक खेल परिसर विकसित करने और जहां मांग है वहां नए खेल स्टेडियम बनाने की भी घोषणा की गई।
शिक्षा के क्षेत्र में भी राहत देते हुए उन्होंने कैरू राजकीय कॉलेज में विज्ञान संकाय शुरू करने की जानकारी दी, जिससे छात्रों को बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही, जुई की अनाज मंडी में आधारभूत सुविधाओं के सुधार, शेड की मरम्मत और संपर्क सड़कों के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गरीबों को आवास, मुफ्त इलाज और युवाओं को रोजगार देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना और अन्य योजनाओं के माध्यम से लाखों लोगों को लाभ मिला है, जबकि ‘बिना खर्ची-बिना पर्ची’ के रोजगार नीति के तहत युवाओं को अवसर दिए जा रहे हैं।