Summer express, पलवल। जिले के चांदहट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बागपुर गांव में पंचायत के दौरान घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बागपुर गांव निवासी कृष्ण पाल उर्फ गुड्डु ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि की शाम उनके घर पर एक मामले को लेकर पंचायत चल रही थी। इसी दौरान श्रीपाल, उसके बेटे कपिल व जगदीश और उसकी पत्नी लाठी-डंडों और लोहे की रॉड लेकर उनके घर में घुस आए। आरोप है कि इन लोगों ने कृष्ण पाल और उनके परिजनों पर हमला कर दिया।
घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपियों ने खुलेआम धमकी दी कि यदि सरपंच या उसका पति बाहर मिलते हैं तो उन्हें जान से खत्म कर दिया जाएगा।
कृष्ण पाल के अनुसार, उनकी पत्नी बागपुर खुर्द गांव की सरपंच हैं। घटना की सूचना तुरंत पुलिस चौकी बागपुर को दी गई, जिस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों की भूमिका की विस्तार से जांच की जा रही है।