Summer express,कुरुक्षेत्र | कुरुक्षेत्र में वैवाहिक विवाद से जुड़े एक मामले में 33 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए केयूके थाने में तैनात एएसआई शर्मिला मलिक को राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, अंबाला की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी एएसआई पर पीड़ित पक्ष से उसके पक्ष में बयान लिखकर मामले को रफा-दफा करने के बदले 50 हजार रुपये की मांग करने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला एक वैवाहिक विवाद से जुड़ा है, जिसमें पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि एएसआई शर्मिला मलिक ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर अलग-अलग बातचीत की और शिकायतकर्ता से कहा कि मामले में दूसरे पक्ष की ओर से 10 लाख रुपये की मांग की जा रही है। जब शिकायतकर्ता ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई, तो एएसआई ने मामले को निपटाने और बयान पक्ष में लिखने के एवज में 50 हजार रुपये की मांग की।
बाद में दोनों पक्षों के बीच 35 हजार रुपये में सौदा तय हुआ, जिसमें से 2 हजार रुपये एएसआई ने मौके पर ही ले लिए थे, जबकि शेष राशि देने के लिए शुक्रवार का समय तय किया गया था। इस बीच शिकायतकर्ता ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी।
एसीबी टीम ने योजना बनाकर शिकायतकर्ता को 500-500 रुपये के 66 नोट दिए और तय स्थान पर भेजा। जैसे ही सेक्टर-13 क्षेत्र में एएसआई ने रुपये स्वीकार किए, शिकायतकर्ता ने इशारा किया, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर एएसआई को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
मामले में आगे की जांच जारी है और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है।