Summer express,चंडीगढ़ | चंडीगढ़ में हरियाणा सरकार ने साइबर सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाने की तैयारी शुरू कर दी है। प्रदेश में संभावित साइबर हमलों और डिजिटल खतरों से निपटने के लिए ‘हरियाणा डिजिटल कवच–साइबर सुरक्षा उत्कृष्टता केंद्र’ स्थापित किया जाएगा।
सरकार की योजना के अनुसार यह केंद्र सभी विभागों के लिए 24 घंटे और सातों दिन काम करेगा। इसके माध्यम से थ्रेट इंटेलिजेंस, साइबर घटनाओं पर त्वरित प्रतिक्रिया और सुरक्षा मानकों को पहले से लागू करने जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा, विभिन्न विभागों में नियमित रूप से सुरक्षा परीक्षण भी किया जाएगा ताकि किसी भी प्रकार की साइबर कमजोरी का समय रहते पता लगाया जा सके।
वर्तमान में पंचकूला में राज्य स्तरीय डायल 112 केंद्र संचालित है, जबकि साइबर सिटी गुरुग्राम में कई अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के कॉल सेंटर कार्यरत हैं। इन्हीं को ध्यान में रखते हुए भविष्य के साइबर खतरों से निपटने के लिए यह नई पहल की जा रही है।
प्रदेश सरकार की योजना है कि आने वाले समय में लगभग 70 विभागों की करीब 1000 योजनाओं और सेवाओं को एकीकृत किया जाएगा। इन सेवाओं के संचालन के लिए एक वन स्टॉप हेल्पलाइन भी शुरू की जाएगी, जिससे नागरिकों को एक ही प्लेटफॉर्म पर सभी सुविधाएं मिल सकें।
इन योजनाओं के क्रियान्वयन में नागरिक संसाधन सूचना विभाग (CRID) की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। हाल ही में पेश बजट में इन परियोजनाओं के लिए 423 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे डिजिटल और साइबर सुरक्षा ढांचे को और मजबूत किया जाएगा।