Summer express,सोनीपत। जिला बस अड्डा सोनीपत पर कार्यरत करीब 50 अप्रेंटिस कर्मचारियों ने सोमवार को पांच महीने से लंबित मानदेय न मिलने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने बस अड्डे परिसर में नारेबाजी कर रोडवेज प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।
प्रदर्शन कर रहे अप्रेंटिसों का कहना है कि वे लगातार अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं, लेकिन अप्रैल 2025 से अब तक उन्हें कोई वेतन नहीं दिया गया है। लंबे समय से मानदेय न मिलने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई है और परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। कई कर्मचारियों को किराया, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा के खर्चों को पूरा करने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
एक अप्रेंटिस ने बताया कि वे कई बार उच्च अधिकारियों से मिलकर अपनी समस्या रख चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें जल्द भुगतान का आश्वासन दिया जाता है। पिछले दो महीनों से भी यही कहा जा रहा है कि एक सप्ताह में वेतन जारी कर दिया जाएगा, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
अप्रेंटिसों ने चेतावनी दी है कि यदि रोडवेज प्रशासन जल्द ही उनका लंबित मानदेय जारी नहीं करता है तो वे अपना आंदोलन और तेज करेंगे। साथ ही, इस मामले को लेकर संबंधित मंत्रालय को पत्र लिखकर भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग भी करेंगे।