Summer express, नोएडा । नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी गौ तस्कर को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान हरियाणा के पलवल निवासी संजू (32) के रूप में हुई है। पुलिस उपायुक्त (जोन-3) डॉक्टर प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि मंगलवार तड़के रबूपुरा पुलिस कार्गो टी-पॉइंट के पास जांच कर रही थी, तभी एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया।
संदेह होने पर पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह मोटरसाइकिल घुमाकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे घेर लिया, जिसके बाद आरोपी ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से चलाई गई गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल हो गया।
पुलिस ने घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मौके से एक देसी तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गोकशी के कई मामलों में शामिल रहा है और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।