Summer Express, सोनीपत | हरियाणा के सोनीपत जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां माउथ फ्रेशनर बनाने वाली फैक्ट्री में काम करने वाले दो सगे भाइयों की निकोटीन पीने से मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कुंडली क्षेत्र के प्याऊ मनियारी निवासी अभिषेक (26) और रितिक (24) गांव नाथूपुर स्थित न्यूट्री केयर फैक्ट्री में कार्यरत थे। दोनों ने फैक्ट्री में माउथ फ्रेशनर निर्माण में इस्तेमाल होने वाला निकोटीन पी लिया, जिससे उनकी हालत अचानक बिगड़ गई।
घटना के बाद परिजनों को सूचना दी गई और दोनों को पहले कुंडली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली के अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों भाइयों ने दम तोड़ दिया।
देर शाम दोनों के शव गांव लाए गए और रात करीब आठ बजे एक ही चिता पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दृश्य को देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक लंबे समय से मानसिक तनाव में थे। परिवार पहले से ही कठिन दौर से गुजर रहा था, मां कैंसर से पीड़ित है, जबकि पिता हृदय रोगी हैं। पारिवारिक और आर्थिक परेशानियों के चलते दोनों भाइयों के इस कदम को उठाने की आशंका जताई जा रही है।
परिवार में एक बहन और छोटा भाई भी है, जिसे बचपन में ही बुआ ने गोद ले लिया था। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
मामले में कुंडली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सेठी मलिक ने बताया कि दोनों भाइयों द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन करने की सूचना मिली थी। दिल्ली में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। प्रारंभिक जांच में मानसिक तनाव की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।