Summer Express,चंडीगढ़ | पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) प्रशासन ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात स्टाफ के मानदेय में वृद्धि करते हुए नया सर्कुलर जारी किया है। इस फैसले से यूनिवर्सिटी और इससे जुड़े लगभग 200 कॉलेजों में परीक्षाओं के संचालन में लगे कर्मचारियों को राहत मिलेगी।
जारी सर्कुलर के अनुसार अंडरग्रेजुएट पेपर सेंटरों में ड्यूटी करने वाले स्टाफ को अब 850 रुपये मानदेय दिया जाएगा। वहीं PhD थीसिस के मूल्यांकन के लिए 5000 रुपये तय किए गए हैं। विदेशी परीक्षकों के लिए यह राशि बढ़ाकर 10,000 रुपये कर दी गई है।
इसके अलावा बोर्ड ऑफ फाइनेंस की बैठक में सुपरिंटेंडेंट, क्लर्क और इलेक्ट्रीशियन के मानदेय में 20 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। यह निर्णय लंबे समय से उठाई जा रही मांगों और रिसर्च स्कॉलर्स के प्रयासों के बाद लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, सामाजिक कार्य विभाग के रिसर्च स्कॉलर शीशपाल शिओकंड के नेतृत्व में यूनिवर्सिटी प्रशासन को एक मांग पत्र सौंपा गया था, जिसमें परीक्षा ड्यूटी के लिए वर्तमान मानदेय को अपर्याप्त बताया गया था।
नए प्रावधानों के तहत पोस्ट ग्रेजुएट प्रोफेशनल एग्जामिनेशन के लिए 1200 रुपये प्रति सेमेस्टर और एम.फिल थ्योरी एग्जामिनेशन के लिए भी 1200 रुपये मानदेय निर्धारित किया गया है। इस फैसले को शिक्षकों, रिसर्चर्स और नॉन-टीचिंग स्टाफ के योगदान की मान्यता के रूप में देखा जा रहा है।