Summer express/सोलन, भूपेंद्र-:भाजपा सोलन के जिलाध्यक्ष रत्न सिंह पाल ने प्रदेश सरकार से अर्की विधानसभा क्षेत्र में बंद किए गए विभिन्न सरकारी संस्थानों को पुनः बहाल करने की मांग उठाई है। उन्होंने विशेष रूप से दाड़लाघाट विकास खंड, जयनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और जयनगर लोक निर्माण विभाग के सब-डिवीजन को दोबारा शुरू करने की मांग की।
प्रेस को जारी बयान में पाल ने कहा कि पूर्व जयराम ठाकुर सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र की प्रशासनिक और जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इन संस्थानों की स्थापना की गई थी। उनके अनुसार, वर्तमान सरकार द्वारा इन संस्थानों को डी-नोटिफाई किए जाने के बाद स्थानीय लोगों को प्रशासनिक और अन्य जरूरी कार्यों के लिए दूर जाना पड़ रहा है।पाल ने कहा कि दाड़लाघाट को विकास खंड का दर्जा मिलने के बाद वहां आवश्यक स्टाफ की नियुक्तियां भी की गई थीं। उन्होंने दावा किया कि ब्लॉक के बंद होने से करीब 30 पंचायतों के लोगों को अपने प्रशासनिक कार्यों के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ रहा है।उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से दाड़लाघाट विकास खंड को जल्द से जल्द पुनः कार्यशील करने का आग्रह किया। पाल ने कहा कि सरकार को क्षेत्र की जनता की सुविधा को देखते हुए बंद किए गए संस्थानों की समीक्षा कर उन्हें बहाल करना चाहिए।भाजपा जिलाध्यक्ष ने दाड़लाघाट ब्लॉक के अलावा जयनगर सीएचसी, जयनगर पीडब्ल्यूडी सब-डिवीजन तथा पूर्व सरकार के कार्यकाल में शुरू की गई अन्य जनसुविधाओं को भी बहाल करने की मांग की।पाल ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री के आगामी अर्की दौरे और सायर मेले के दौरान क्षेत्र की जनता की इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों की बहाली से क्षेत्र की प्रशासनिक, स्वास्थ्य और विकास संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।