Summer Express,फरीदाबाद | फरीदाबाद के सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र में बदरपुर बॉर्डर के पास देर रात एक दर्दनाक वारदात सामने आई, जहां 25 वर्षीय युवक सचिन मेहरा की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। यह घटना हाईवे पर स्थित रेड लायन गेस्ट हाउस के बाहर हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक सचिन मेहरा पल्ला क्षेत्र के सूर्या विहार का रहने वाला था और एक अस्पताल में काम करता था। देर रात उसे गेस्ट हाउस में काम करने वाले एक युवक ने फोन कर मिलने के लिए बुलाया था। जैसे ही सचिन बाइक से वहां पहुंचा, पहले से मौजूद तीन युवकों ने उस पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले सचिन के साथ मारपीट की और इसके बाद एक युवक ने उस पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल सचिन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने मौके से एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि एक युवती को भी पूछताछ के लिए पकड़ा गया है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, घटना के दौरान पुलिस की राइडर टीम मौके पर मौजूद थी, लेकिन परिजनों ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि उन्होंने बीच-बचाव नहीं किया। परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना के बाद उन्हें देर से सूचना दी गई और फॉरेंसिक टीम भी समय पर मौके पर नहीं पहुंची।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बादशाह खान नागरिक अस्पताल भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी।