Summer Express, गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम स्थित IMT मानेसर में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर चल रही कर्मचारियों की हड़ताल हिंसक रूप ले बैठी। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई, जिसके बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। उपद्रव के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की गाड़ी और बाइक में तोड़फोड़ की, जबकि एक बाइक को आग के हवाले कर दिया गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया, जिसमें कई कर्मचारी घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। साथ ही, वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार, हड़ताल के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने निजी कंपनी परिसर में भी नुकसान पहुंचाया और पुलिस बल पर पथराव किया। इसके चलते कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।
घटना के बाद क्षेत्र में एहतियातन धारा 163 लागू कर दी गई है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि तनाव का माहौल बना हुआ है।
हड़ताल के चलते औद्योगिक क्षेत्र की कई कंपनियों का कामकाज प्रभावित हुआ है। कुछ कर्मचारी काम पर लौटने को तैयार हैं, जबकि कई अब भी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और वेतन वृद्धि लागू होने तक हड़ताल जारी रखने की बात कह रहे हैं।
इस मामले में थाना IMT मानेसर में अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी व निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस पर हमला करने के आरोप में केस दर्ज किया गया है।
वहीं, जिला उपायुक्त (DC) ने वीडियो संदेश जारी कर श्रमिकों से शांति बनाए रखने और किसी के बहकावे में न आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा वेतन वृद्धि को लेकर फैसला लिया जा चुका है, इसलिए कर्मचारी जल्द काम पर लौटें ताकि औद्योगिक गतिविधियां सामान्य हो सकें।