भिवानी | भिवानी के मुंढाल क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 72 वर्षीय पशु व्यापारी की जान चली गई। मृतक, गांव तालु निवासी रूप, भैंसों के खरीद-फरोख्त का काम करते थे और घटना के समय मुंढाल से अपने घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि रास्ते में एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तुरंत भिवानी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस चौकी मुंढाल कलां की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि टक्कर मारने के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।