जालंधर | जालंधर के बस्ती गुजा इलाके में एक सैलून में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब ग्राहक और सैलून स्टाफ के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। जानकारी के अनुसार तरुण कुमार नामक युवक बाल कटवाने के लिए कई बार सैलून गया था, लेकिन उसे बार-बार इंतजार करने को कहा गया। बाद में कथित तौर पर सैलून कर्मियों ने उसका काम करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद वह वहां से दूसरे सैलून चला गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसके बाद उसे फोन कर गालियां दी गईं। इसके बाद वह अपने कुछ साथियों के साथ दोबारा संबंधित सैलून पहुंचा, जहां विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। आरोप है कि इस दौरान उस पर हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
वहीं सैलून संचालकों का कहना है कि युवक अपने साथ कुछ लोगों को लेकर दुकान पर आया और वहां हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थिति को जानबूझकर बिगाड़ा गया। दूसरी ओर पीड़ित ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उसके पास पूरी घटना की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग मौजूद है।
फिलहाल मामला पुलिस के पास पहुंच चुका है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।