Summer Express,बरनाला | बरनाला-बठिंडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओवरब्रिज के पास रात करीब 9 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें चलती कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई और पूरी तरह जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार, नवीन वर्मा अपने साथी केशव कुमार के साथ चंडीगढ़ से बठिंडा की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार ओवरब्रिज पर पहुंची, सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रिफ्लेक्टर और पीछे की लाइट नहीं थी, वहीं ओवरब्रिज की स्ट्रीट लाइटें भी बंद थीं, जिससे चालक को आगे वाहन का अंदाजा नहीं लग सका और हादसा हो गया।
टक्कर के बाद कार ट्रैक्टर-ट्रॉली में फंस गई। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटाने के प्रयास में वाहन को आगे-पीछे करने से अचानक चिंगारी उठी, जिससे कार के पेट्रोल टैंक में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार जलकर खाक हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि वाहन पूरी तरह नष्ट हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक व्यवस्था बहाल करवाई और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा रात के समय सड़क सुरक्षा उपायों की कमी और बिना लाइट व रिफ्लेक्टर वाले वाहनों के खतरे को उजागर करता है।