Summer express, होशियारपुर | होशियारपुर के वार्ड नंबर 22 स्थित शहीद बाबा सिधाना जी कॉलोनी में मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया, जब 66 केवी हाई वोल्टेज बिजली लाइन अचानक टूटकर घरों पर गिर गई। घटना के बाद जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, करीब दोपहर 3 बजे हाई वोल्टेज तार कॉलोनी के कई घरों पर गिर गई। अचानक तेज आवाज और स्पार्किंग से स्थानीय लोग घबरा गए और घरों से बाहर निकल आए। घटना के बाद कई घरों में बिजली उपकरण जैसे पंखे, लाइटें और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खराब हो गए, जबकि बाहर लगे बिजली मीटर भी पूरी तरह नष्ट हो गए।
हादसे के चलते पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। स्थानीय लोगों ने इसे बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही बताया है। उनका कहना है कि तारें काफी पुरानी थीं और पहले भी इस तरह की घटना हो चुकी है।
लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मुआवजे की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल विभागीय टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही है और आपूर्ति बहाल करने की कोशिश की जा रही है।