Summer express, शाहाबाद | शाहाबाद की अनाज मंडी में दर्दनाक हादसा हो गया, जहां गेहूं की बोरियों के ढेर के नीचे दबने से 27 वर्षीय महिला मजदूर हसीना खातून की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका मूल रूप से यमुनानगर के बिलासपुर गांव की रहने वाली थी और अपने पति राहुल कुमार व चार बच्चों के साथ शाहाबाद की अटारी कॉलोनी में रह रही थी।
हसीना अनाज मंडी की एक दुकान पर सफाई और गेहूं एकत्रित करने का काम करती थी। बुधवार तड़के वह रोज़ की तरह मंडी में काम करने पहुंची थी। इसी दौरान वह रैक के नीचे गिरी बोरियों के पास से गेहूं इकट्ठा कर रही थी, तभी ऊपर रखी भारी बोरियों का ढेर अचानक खिसककर उसके ऊपर गिर गया। हादसे में उसके सिर और माथे पर गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के समय आसपास मौजूद अन्य मजदूरों ने शोर मचाया और कुछ ही देर में बोरियों को हटाकर महिला को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पति राहुल कुमार के अनुसार, हसीना सुबह करीब चार बजे काम के लिए मंडी गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भारी बोरी रैक में असंतुलन के कारण खिसकी और यह हादसा हुआ।
जानकारी के मुताबिक, रैक में करीब 700 बोरियां रखी हुई थीं और मंडी में गेहूं उठान की प्रक्रिया धीमी चल रही थी, जिसके कारण बोरियों का ढेर बना हुआ था। रात में ही यह रैक लगाया गया था।
घटना के बाद मंडी की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने मामले में इत्तेफाकिया कार्रवाई दर्ज की है, जबकि मार्केट कमेटी ने जांच के आदेश दिए हैं।