Summer express, रोहतक | हरियाणा के महम में आयोजित विकास रैली के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संबोधन के समय माइक बंद होने की घटना पर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। इस मामले में जिला जनसंपर्क अधिकारी संजीव सैनी को सस्पेंड कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, रैली के दौरान मुख्यमंत्री के संबोधन के लिए अलग से माइक्रोफोन सिस्टम लगाया गया था, जबकि मंच संचालन और अन्य नेताओं के भाषण के लिए अलग व्यवस्था की गई थी। भाषण के बीच अचानक मुख्यमंत्री का माइक काम करना बंद कर गया, जिससे पीछे बैठे लोगों तक आवाज नहीं पहुंच सकी और मौके पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान मुख्यमंत्री को दूसरे माइक से अपना संबोधन जारी करना पड़ा।
घटना के बाद इस तकनीकी गड़बड़ी को गंभीरता से लेते हुए विभागीय स्तर पर जांच शुरू की गई थी। जांच पूरी होने के बाद बुधवार शाम मुख्यालय की ओर से डीपीआरओ संजीव सैनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए गए।
बताया जा रहा है कि जांच में इस बात की समीक्षा की गई कि माइक सिस्टम की व्यवस्था और उसकी निगरानी की जिम्मेदारी किसकी थी। इसी आधार पर कार्रवाई की गई है। फिलहाल रोहतक डीपीआरओ का अतिरिक्त कार्यभार किसी अन्य अधिकारी को नहीं सौंपा गया है।
वहीं, निलंबित डीपीआरओ संजीव सैनी का कहना है कि सभी उपकरणों की पहले जांच की गई थी और अचानक तकनीकी खराबी आने के कारण माइक ने काम करना बंद कर दिया। उन्होंने इसे एक अप्रत्याशित तकनीकी फॉल्ट बताया है।
यह मामला अब प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है और विभागीय कार्रवाई को लेकर आगे की प्रक्रिया जारी है।