Summer express, मोहड़ा | मोहड़ा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह करीब 9:30 बजे कंटेनर और मोटरसाइकिल की टक्कर के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में बाइक सवार घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गनीमत रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, हालांकि दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से पंजाब की ओर बीयर की खाली कैनों से भरा एक कंटेनर जा रहा था। मोहड़ा के पास अचानक एक बाइक सामने आ जाने के कारण उसे बचाने की कोशिश में कंटेनर का संतुलन बिगड़ गया और टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक गिर गई और उसमें मौजूद पेट्रोल फैल गया, जिससे आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने कंटेनर और बाइक दोनों को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड अधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि आग पर काबू पाने में करीब दो घंटे का समय लगा। इस दौरान कंटेनर में रखी बीयर की खाली कैन भी जलकर नष्ट हो गईं।
मोड चौकी पुलिस ने जेसीबी की मदद से कंटेनर का दरवाजा तोड़कर अंदर से सामान बाहर निकाला। मोड चौकी इंचार्ज शीशपाल ने बताया कि हादसा बाइक को बचाने के प्रयास में हुआ, जिसके बाद पेट्रोल फैलने से आग फैल गई। दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।