Summer express, सोनीपत। जिले के गांव ककरोई में गेहूं के फानों (फसल अवशेष) में लगी आग बुझाने के प्रयास में एक 65 वर्षीय किसान की जलकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतक किसान उमेद सिंह दहिया आग को अपने खेत से आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश कर रहे थे, तभी वे आग की चपेट में आ गए।
जानकारी के अनुसार, खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइनों में शॉर्ट सर्किट के चलते गेहूं के फानों में आग लग गई थी। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास के खेत भी खतरे में आ गए। ग्रामीणों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी और खुद भी आग बुझाने में जुट गए।
इसी दौरान किसान उमेद सिंह दहिया (65) झाड़ियों के सहारे आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन अचानक आग ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। कपड़ों में आग लगने से वे गंभीर रूप से झुलस गए और खेत में ही गिर पड़े। ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद ग्रामीणों में रोष है। उनका आरोप है कि यदि दमकल वाहन समय पर पहुंच जाता तो किसान की जान बचाई जा सकती थी। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि दमकल गाड़ी रास्ते में नहर की पटरी पर फंस गई, जिससे राहत कार्य में देरी हुई।
सेक्टर-23 दमकल केंद्र के अधिकारी विनोद के अनुसार, सूचना मिलने पर टीम मौके के लिए रवाना हुई थी, लेकिन रास्ते में वाहन फंसने के कारण देरी हुई। बाद में खरखौदा से दूसरी गाड़ी मंगवाई गई और करीब 12:20 बजे आग पर काबू पाया जा सका।
इस हादसे में कुल लगभग 9 एकड़ में खड़ी फसल और फानों को नुकसान पहुंचा है। गांव में घटना के बाद शोक और मातम का माहौल है। मृतक किसान के परिवार में दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।