Summer express,पंचकूला। नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा में टिकट वितरण से पहले ही दावेदारों की लंबी कतार लग गई है। मेयर पद के लिए पार्टी से लगभग 20 नेताओं ने दावेदारी पेश की है, जबकि पार्षद पद के लिए 200 से अधिक आवेदन भाजपा संगठन तक पहुंच चुके हैं। टिकट को लेकर पार्टी स्तर पर गहमागहमी तेज हो गई है।
पंचकूला के पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल ने एक बार फिर मेयर पद के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की है। उन्होंने जिला भाजपा अध्यक्ष अजय मित्तल को अपना आवेदन सौंपते हुए टिकट की मांग की। अजय मित्तल ने गोयल को अनुभवी और स्वच्छ छवि वाला नेता बताते हुए कहा कि उनके पिछले कार्यकाल में लिए गए कई निर्णयों ने उन्हें जनता और कर्मचारियों के बीच लोकप्रिय बनाया था।
इसके अलावा अग्रवाल सभा के पूर्व संयोजक और समाजसेवी अमित जिंदल ने भी मेयर पद के लिए आवेदन दिया है। अपने समर्थकों के साथ भाजपा कार्यालय पहुंचे जिंदल ने दावा किया कि यदि पार्टी उन्हें मौका देती है तो वे बड़े अंतर से चुनाव जीत सकते हैं। वे विभिन्न सामाजिक और संस्थागत संगठनों से जुड़े हुए हैं।
समाजसेवी प्रदीप गोयल ने भी मेयर पद के लिए अपनी दावेदारी पेश करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष को आवेदन सौंपा। वे लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं और स्थानीय स्तर पर मजबूत जनसंपर्क के लिए जाने जाते हैं।
हरियाणा बाल कल्याण परिषद की पूर्व मानद महासचिव रंजीता मेहता ने भी प्रमुख नेताओं के साथ मिलकर टिकट के लिए आवेदन दिया है। वे भाजपा की पूर्व प्रदेश प्रवक्ता रह चुकी हैं और संगठनात्मक अनुभव के साथ सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं।
पंजाबी नेता अनिल थापर ने भी मेयर पद के लिए दावा पेश किया। उन्होंने पंचकूला व्यापार मंडल, एमडीसी व्यापार मंडल और उत्तराखंड सभा के प्रतिनिधियों के साथ भाजपा कार्यालय पहुंचकर आवेदन दिया। थापर ने कहा कि उनका उद्देश्य पद नहीं, बल्कि जनसेवा है।
वहीं भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, अजय शर्मा, विशाल सेठ, युवा भाजपा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा और वरिष्ठ नेता योगेश्वर शर्मा ने भी नगर निगम चुनाव में मेयर पद के लिए अपनी मजबूत दावेदारी जताई है। पार्टी स्तर पर अब सभी आवेदनों पर मंथन जारी है।