Summer express, मोगा | बुगीपुरा चौक के पास स्थित एक वर्कशॉप में शनिवार को उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब कटर से काम करते समय निकली चिंगारी ने अचानक भीषण आग का रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि वर्कशॉप के बाहर खड़ी कई गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं और कुछ ही मिनटों में जलकर पूरी तरह राख हो गईं। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बुगीपुरा चौक स्थित मेडिसिटी के पास ‘सिंह मोटर’ नामक वर्कशॉप में रोजमर्रा की तरह काम चल रहा था। इसी दौरान एक कर्मचारी पुरानी गाड़ी की मरम्मत के लिए कटर मशीन से कटिंग कर रहा था। इसी दौरान मशीन से निकली चिंगारी पास में रखे ज्वलनशील सामान तक पहुंच गई, जिससे आग भड़क उठी।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और वर्कशॉप के बाहर खड़ी गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। तेज हवा और वाहनों में मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण आग और भी तेजी से फैलती गई। मौके पर मौजूद लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे और स्थिति अफरा-तफरी में बदल गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण इसे काबू करने में दमकल कर्मियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी।
फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। गनीमत रही कि घटना के दौरान कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, हालांकि कई वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। आसपास खड़े कुछ वाहनों को लोगों ने हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जिससे नुकसान कुछ हद तक कम हो सका।
प्रशासन ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं इस हादसे के बाद इलाके में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।