Summer express,नई दिल्ली | तेलंगाना के विकाराबाद जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिला पुलिस अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि महिला थाना में तैनात इंस्पेक्टर बी. सरोजा और सब-इंस्पेक्टर एच. रानी ने एक मामले में नोटिस जारी करने के बदले 60,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी। बाद में बातचीत के दौरान यह रकम घटाकर 40,000 रुपये तय की गई।
जानकारी के अनुसार, 23 मार्च को शिकायतकर्ता ने दोनों अधिकारियों की मौजूदगी में 20,000 रुपये की पहली किस्त दी थी। इसके बाद लगातार बाकी राशि की मांग और दबाव बनाए जाने पर पीड़ित ने मामले की शिकायत ACB से की।
शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने प्रारंभिक जांच की और आरोपों की पुष्टि होने पर दोनों अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक कदाचार का मामला दर्ज कर लिया।
ACB अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि तेलंगाना में वर्ष 2026 के दौरान ACB लगातार भ्रष्टाचार के मामलों में सक्रिय रही है। अब तक मेडक, निर्मल, वारंगल और हैदराबाद में कई अधिकारियों को ट्रैप कर गिरफ्तार किया जा चुका है। हाल ही में एक बड़े ऑपरेशन में एक पुलिस इंस्पेक्टर से 34 लाख रुपये से अधिक की रकम भी बरामद की गई थी।