Summer express, मोगा | मोगा-लुधियाना हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका पांच वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा ट्रक चालक की लापरवाही और गलत दिशा में वाहन चलाने के कारण हुआ।
जानकारी के अनुसार, लुधियाना के गांव गुज्जरवाल निवासी भवजीत सिंह अपनी पत्नी परमजीत कौर और बेटे हरजीत सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने ससुराल गांव चंद पुराना जा रहे थे। जैसे ही वे कस्बा अजीतवाल के पास पहुंचे, सामने से गलत दिशा में आ रहे एक ट्रक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।
बताया जा रहा है कि ट्रक की केवल एक हेडलाइट जल रही थी, जिससे बाइक सवार को भ्रम हुआ और आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि भवजीत सिंह और उनकी पत्नी परमजीत कौर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में उनका 5 वर्षीय बेटा हरजीत गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी टांग टूट गई। बच्चे को इलाज के लिए लुधियाना के DMC अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना अजीतवाल की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले में ट्रक चालक की भूमिका और लापरवाही की जांच कर रही है।