Summer express, करनाल | करनाल के घरौंडा क्षेत्र में चर्चित सूरज हत्याकांड में पुलिस ने एक और आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गोविंदा के रूप में हुई है, जिसे मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, देर रात करीब एक बजे सीआईए-2 टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी गोविंदा फुरलक के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि गोविंदा ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लग गई और वह घायल हो गया।
घटना के बाद आरोपी को अस्पताल ले जाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिस पर फर्जी मुठभेड़ का आरोप लगाया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डीएसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
तनाव बढ़ता देख एसपी ने अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को बातचीत के लिए बुलाया, जिसके बाद हालात पर काबू पाया जा सका।
वहीं, कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं का दावा है कि आरोपी को पहले सरेंडर कराने की प्रक्रिया चल रही थी, जिससे मुठभेड़ को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मुठभेड़ से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।