Summer express, हमीरपुर | हमीरपुर जिले के ढोह गांव निवासी भारतीय वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी भूपेंद्र सिंह कंवर को बड़ी जिम्मेदारी के साथ पदोन्नति मिली है। उन्हें एयर कमोडोर से पदोन्नत कर एयर वाइस मार्शल बनाया गया है। करीब 34 वर्षों की उत्कृष्ट और समर्पित सेवा के बाद हासिल हुई यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय बन गई है।
भूपेंद्र सिंह कंवर की सफलता के साथ एक विशेष उपलब्धि भी जुड़ी है। वे सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा के ऐसे पहले पूर्व छात्र हैं, जिन्होंने पहले एयर कमोडोर का पद हासिल किया और अब उसी संस्थान से एयर वाइस मार्शल बनने वाले भी पहले अधिकारी बन गए हैं। उनकी यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है।
पदोन्नति के बाद उन्होंने असिस्टेंट चीफ ऑफ एयर स्टाफ के रूप में नई जिम्मेदारी संभाल ली है। इस महत्वपूर्ण पद पर उनकी नियुक्ति उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता और उत्कृष्ट सेवा का परिणाम मानी जा रही है।
उनकी इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भूपेंद्र सिंह कंवर ने अपने अनुशासन, मेहनत और समर्पण से प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है, जिससे हमीरपुर सहित पूरे हिमाचल को उन पर गर्व है।