Summer express,पंचकूला | पंचकूला पुलिस ने ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली के एक मामले का खुलासा करते हुए एक महिला योगा इंस्ट्रक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह योगा सेंटर की आड़ में एक युवक को हनीट्रैप में फंसाकर उसकी आपत्तिजनक वीडियो बनाती और उसे वायरल करने की धमकी देकर पैसे वसूलती थी।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह वर्ष 2024 में सेक्टर-21 स्थित एक योगा सेंटर में प्रशिक्षण के लिए जाता था, जिसे उक्त महिला संचालित करती थी। कुछ समय बाद उसने योगा छोड़ दिया। हाल ही में महिला ने उससे आर्थिक मदद मांगी, जिस पर पीड़ित ने मानवता के आधार पर ऑनलाइन 30 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद महिला ने उसे मिलने के बहाने बुलाया और कथित तौर पर अनुचित हरकत करने की कोशिश की। पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान महिला ने चुपके से उसकी वीडियो बना ली और उसे वायरल करने तथा परिवार को बताने की धमकी देकर अलग-अलग किस्तों में कुल 2.71 लाख रुपये वसूल लिए। बाद में उसने छह लाख रुपये की और मांग की, जिससे परेशान होकर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता के अनुसार, जांच में सामने आया है कि महिला ने सुनियोजित तरीके से युवक को जाल में फंसाया और फिर वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल कर बड़ी रकम वसूली। शिकायत के आधार पर सेक्टर-20 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को पंजाब स्थित उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से आईफोन और वनप्लस सहित कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि क्या इस तरह के मामलों में अन्य लोग भी उसकी ठगी का शिकार हुए हैं। आरोपी महिला को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।