Summer express, धर्मशाला | धर्मशाला में व्यावसायिक वाहन संघर्ष समिति का एक प्रतिनिधिमंडल, अध्यक्ष विक्की पठानिया के नेतृत्व में, परिधि गृह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मिला। इस दौरान समिति ने प्रदेश सरकार द्वारा वाहनों की मैनुअल पासिंग सुविधा दोबारा शुरू किए जाने के फैसले का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष मांग रखी कि यह सुविधा जल्द ही नगरोटा बगवां और कांगड़ा क्षेत्रों में भी लागू की जाए, ताकि अधिक से अधिक वाहन चालकों को इसका लाभ मिल सके। समिति के सदस्यों ने बताया कि पहले ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) के विरोध में उन्होंने चक्का जाम सहित व्यापक आंदोलन किया था, जिसके बाद प्रशासन ने उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया था।
समिति का कहना है कि मैनुअल पासिंग सुविधा बहाल होने से हजारों व्यावसायिक वाहन चालकों को राहत मिली है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार टैक्सी ऑपरेटरों और अन्य व्यावसायिक वाहन चालकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है।
उन्होंने कहा कि चालकों से जुड़ी अन्य समस्याओं पर भी चरणबद्ध तरीके से विचार किया जाएगा और उनका समाधान निकाला जाएगा, ताकि किसी को परेशानी न हो। इस अवसर पर समिति के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।