धर्मशाला ,राहुल चावला,-:कांगड़ा जिला में नशे के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न ने जानकारी देते हुए बताया कि नशे को जड़ से खत्म करने के लिए जिला पुलिस पूरी सतर्कता और गंभीरता के साथ अभियान चला रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।हाल ही में पुलिस ने पचरुखी क्षेत्र में दो व्यक्तियों को पकड़ा, जिनके कब्जे से 4 किलो 40 ग्राम चरस बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह नशे की खेप पालमपुर तहसील में सप्लाई के लिए ले जाई जा रही थी। मामले की गहन जांच और साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े दो और आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया, जो पालमपुर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में सभी आरोपियों की नशे के अवैध कारोबार में संलिप्तता सामने आई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, ताकि इससे जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा सके।एसपी अशोक रत्न ने कहा कि कांगड़ा में नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।