Summer express,अंकुर कपूर, पंचकूला। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी रात एक भीषण सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। यह दुर्घटना गांव मानक्या के नजदीक उस समय हुई, जब उनकी कार के सामने अचानक नीलगायों का झुंड आ गया।
मिली जानकारी के अनुसार, तरुण भंडारी नगर निगम चुनावी दौरे से पंचकूला स्थित अपने आवास की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पार कर रहे नीलगायों के झुंड को बचाने की कोशिश में उनकी गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और कुछ जानवर वाहन से टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
गनीमत यह रही कि टक्कर के तुरंत बाद वाहन बंद होकर रुक गया, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। कार में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि गाड़ी में भंडारी के साथ उनके सुरक्षाकर्मी और अन्य सहयोगी भी सवार थे, जिन्हें इस घटना में किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई। सभी की प्राथमिक जांच की गई, जिसमें किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात सुचारु कराया और घटना की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे ने एक बार फिर सड़कों पर आवारा व जंगली जानवरों की मौजूदगी से होने वाले खतरे को उजागर किया है। खासकर हाईवे और ग्रामीण इलाकों में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रशासन के लिए यह एक गंभीर चुनौती बनता जा रहा है, जिस पर प्रभावी कदम उठाने की जरूरत महसूस की जा रही है।