Summer express/धर्मशाला, राहुल -: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मार्च 2026 में आयोजित प्लस-टू परीक्षा का परिणाम सोमवार को आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने प्रेस वार्ता के दौरान परिणाम जारी करते हुए बताया कि इस वर्ष कुल 81,417 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 74,637 छात्र सफल घोषित किए गए हैं। इस प्रकार कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 92.02% रहा, जो पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर और संतोषजनक माना जा रहा है।
परीक्षा से जुड़े आंकड़ों पर नजर डालें तो 308 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं 3,352 परीक्षार्थी असफल रहे और 3,071 विद्यार्थियों को कंपार्टमेंट श्रेणी में रखा गया है, जिन्हें आगामी परीक्षा में पुनः अवसर मिलेगा।वर्गवार परिणामों की बात करें तो सामान्य वर्ग के 40,462 छात्रों में से 37,576 ने सफलता प्राप्त की। अनुसूचित जाति (SC) वर्ग में 22,186 में से 20,095 छात्र उत्तीर्ण हुए, जबकि अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के 5,023 में से 4,520 विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की। अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के छात्रों का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा।
इस वर्ष भी छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाज़ी मारी है। कुल 40,281 छात्राओं में से 37,749 ने परीक्षा पास की, जबकि 40,828 छात्रों में से 36,888 ही सफल हो पाए। यह अंतर दर्शाता है कि बेटियां लगातार शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर उपलब्धियां हासिल कर रही हैं।
परिणाम घोषित करते हुए बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने सफल विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। साथ ही उन्होंने असफल और कंपार्टमेंट वाले छात्रों को हिम्मत न हारने की सलाह देते हुए आगामी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।कुल मिलाकर इस वर्ष का परीक्षा परिणाम राज्य के शिक्षा स्तर में सुधार का संकेत देता है और विद्यार्थियों के प्रयासों को दर्शाता है।