Summer express, यमुनानगर I जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल ने नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए करीब 6 लाख रुपये मूल्य की 126 ग्राम हेरोइन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गड़ी रोड स्थित हमीदा इलाके के पास एक युवक खाली प्लॉट में नशीले पदार्थों की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक सेल के इंचार्ज अनिल कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया, जिसमें उप निरीक्षक सतीश कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को काबू किया। तलाशी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में नायब तहसीलदार कुलदीप सिंह को मौके पर बुलाया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 126 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीर पुत्र गुलजार, निवासी पुराना हमीदा के रूप में हुई है। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि उसके नेटवर्क और नशीले पदार्थों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
एंटी नारकोटिक सेल के इंचार्ज अनिल कुमार ने कहा कि जिले में नशा तस्करी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।