Summer express, गुरुग्राम | गुरुग्राम के सेक्टर-10 इलाके में हथियार के बल पर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई। बदमाशों ने एक व्यक्ति को घर के बाहर निशाना बनाते हुए उससे करीब 11 लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यक्ति काम से लौटकर अपने घर के बाहर कार खड़ी कर रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश, जो कथित तौर पर उसका पीछा कर रहे थे, अचानक उसके पास पहुंचे और हथियार दिखाकर उसे धमकाया। इसके बाद आरोपियों ने कार में रखा नकदी से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दोनों बदमाश वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। लूट के बाद पीड़ित व्यक्ति ने शोर मचाते हुए एक आरोपी का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन बदमाश तेजी से भाग निकले। हैरानी की बात यह रही कि शोर मचाने के बावजूद आसपास से कोई मदद के लिए बाहर नहीं आया।
प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि आरोपी काफी दूर से पीड़ित की निगरानी कर रहे थे, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि वारदात से पहले रेकी की गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलते ही सेक्टर-10ए थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।