Summer express, हमीरपुर | उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। कुरारा क्षेत्र में बुधवार शाम यमुना नदी में एक नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई। हादसे के समय नाव में कुल नौ लोग सवार थे। इनमें से तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि पांच मासूम बच्चों और एक महिला का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
जानकारी के अनुसार, नाव में सवार लोग नदी पार कर ककड़ी और खरबूजे लेने गए थे। वापसी के दौरान नाव का संतुलन बिगड़ गया, जिसके चलते वह बीच नदी में पलट गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।
लापता लोगों में आकांक्षा (9), रानी (9), लाभयांश (5), महेश (6), आदित्य (11) और 25 वर्षीय बृजरानी शामिल हैं। घटना के बाद प्रशासन और राहत दलों ने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। वहीं मौके पर मौजूद जिलाधिकारी अभिषेक गोयल और पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक लगातार राहत अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
प्रशासन की टीमों के साथ स्थानीय गोताखोर भी लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।