शिमला, संजू -:शिमला में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने केवल स्थानीय स्तर पर नशा बेचने वालों पर कार्रवाई करने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि पंजाब और उत्तर प्रदेश में बैठे बड़े सप्लायरों तक पहुंचकर पूरे नेटवर्क की सप्लाई चेन को तोड़ने का काम किया है।
गोलू और थॉमस मसीह गिरफ्तार, 25 बड़े ड्रग नेटवर्क ध्वस्त
एएसपी अभिषेक ने जानकारी देते हुए बताया कि रोहड़ू थाना में दर्ज अभियोग संख्या 31/2026 की जांच के दौरान पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज के माध्यम से नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया। मामले में सबसे पहले रोहड़ू निवासी पिंकू राम और टिक्कर निवासी सुनील पुहारता को 53 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद पुलिस की जांच उत्तर प्रदेश के बिजनौर तक पहुंची, जहां से 12 अप्रैल को आरोपी सलमान हैदर को गिरफ्तार किया गया।जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने पंजाब के गुरदासपुर से इस नेटवर्क के मुख्य सप्लायर थोमस मसीह को 9 मई 2026 को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार थोमस मसीह ही हिमाचल में चिट्टे की सप्लाई करने वाला बड़ा सप्लायर था।
वहीं, कोटखाई थाना में दर्ज एक अन्य मामले में पुलिस ने चंडीगढ़ के मुख्य सप्लायर ‘गोलू’ को भी गिरफ्तार किया है। इस केस में पुलिस ने पहले रमणजीत सिंह निवासी मोहाली और रुबल चौहान निवासी कोटखाई को एक पिस्टल, दो गैस सिलेंडर पिस्टल तथा मेथ क्रिस्टल/आइस और हेरोइन सहित गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान रमणजीत ने खुलासा किया कि उसने यह नशीला सामान चंडीगढ़ के दड़ूमाजरा निवासी गोलू से खरीदा था। तकनीकी जांच और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर शिमला पुलिस ने 10 मई 2026 को आरोपी गोलू को गिरफ्तार कर लिया।एएसपी अभिषेक ने बताया कि शिमला police द्वारा जांच की गुणवत्ता में सुधार के कारण इस वर्ष अब तक 33 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार किए जा चुके हैं। तुलना करें तो वर्ष 2024 में केवल 4 और 2025 में 7 मुख्य सप्लायर पकड़े गए थे। उन्होंने बताया कि 2026 में अब तक 25 बड़े ड्रग नेटवर्क ध्वस्त किए जा चुके हैं, जबकि 2024 में केवल 1 और 2025 में 4 नेटवर्क तोड़े गए थे।उन्होंने कहा कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और केरल तक फैले नेटवर्क की सप्लाई चेन को तोड़ने में पुलिस को सफलता मिली है। अब पुलिस केवल छोटे पेडलरों पर नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क को संचालित करने वाले मुख्य सरगनाओं पर फोकस कर रही है।