Summer express/मंडी, धर्मवीर -:मंडी जिले में रविवार सुबह शहरी निकाय चुनावों के लिए मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हो गई। चुनावों को निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली थीं। जिले के विभिन्न नगर निकायों में सुबह से ही मतदाताओं की आवाजाही देखने को मिली और मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
चुनाव प्रक्रिया के संचालन के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर कर्मचारियों और सुरक्षा बलों की तैनाती की है। पूरे जिले में 538 मतदान अधिकारी एवं कर्मचारी चुनाव ड्यूटी पर लगाए गए हैं, जबकि सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए 180 पुलिस कर्मियों को नियुक्त किया गया है। मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कुल 90 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जहां 63,112 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।इस बार नगर निगम मंडी के 14 वार्डों के अलावा नगर परिषद सुंदरनगर, जोगिन्द्रनगर, नेरचौक, सरकाघाट तथा नगर पंचायत रिवालसर और करसोग में भी चुनाव कराए जा रहे हैं। नगर निगम मंडी में सबसे अधिक राजनीतिक हलचल देखने को मिल रही है, जहां 42 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। निगम क्षेत्र में 29,244 मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चयन करेंगे। इसके लिए 36 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। यहां चुनाव ड्यूटी के लिए 238 कर्मचारी और 72 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।
अन्य निकायों की बात करें तो नगर परिषद सुंदरनगर में 31 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि जोगिन्द्रनगर में 17, नेरचौक में 35 और सरकाघाट में 25 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं नगर पंचायत रिवालसर और करसोग में 16-16 उम्मीदवार चुनावी मुकाबले में हैं।मतदान केन्द्रों की संख्या भी मतदाताओं के अनुसार तय की गई है। सुंदरनगर में 20, जोगिन्द्रनगर में 7, नेरचौक में 9, सरकाघाट में 7, रिवालसर में 6 और करसोग में 5 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि इस बार मतदान प्रतिशत बेहतर रहेगा और मतदाता लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे।