Summer express/फरीदाबाद,अनिल मंगला-:फरीदाबाद के सेक्टर-7 में विकास कार्यों के शुभारंभ के दौरान हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने नगर निगम से जुड़े मामलों और जनहित के मुद्दों पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि हाल ही में दिशा बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों की निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी और जो भी अधिकारी या व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुज्जर द्वारा दिशा बैठक में जिन मामलों को उठाया गया, सरकार उन्हें गंभीरता से ले रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि संबंधित कार्य किसके कार्यकाल में हुए और उसमें किन अधिकारियों या कर्मचारियों की भूमिका रही। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के सिद्धांत पर काम कर रही है तथा भ्रष्टाचार या लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र के घर हुई चोरी की घटना पर भी मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय घटना है। राव नरेंद्र प्रदेश के वरिष्ठ राजनीतिक नेता हैं और उनके घर चोरी होना चिंता का विषय है। हालांकि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से देशवासियों को ईंधन बचाने की अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए विपुल गोयल ने कहा कि यह अपील देशहित और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए की गई है। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देशों में ऊर्जा संकट जैसे हालात बने हुए हैं, इसलिए भारत को पहले से सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से अपील की कि रोजमर्रा की जिंदगी में तेल, बिजली और अन्य संसाधनों की बचत को आदत बनाएं।इसके बाद मंत्री ने सेक्टर-7 में रेन हार्वेस्टिंग सिस्टम और पार्कों के सौंदर्यीकरण सहित कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया, जिससे क्षेत्र में जलभराव की समस्या कम होने और नागरिक सुविधाओं में सुधार की उम्मीद है।