Summer express/शिमला,संजू -:शिमला की हिमुडा कॉलोनी में लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को लेकर शिमला शहरी के विधायक हरीश जनार्था मंगलवार को औचक निरीक्षण पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कॉलोनी की सड़क व्यवस्था, भवनों की स्थिति और लोगों को पेश आ रही दिक्कतों का मौके पर जाकर जायजा लिया। इस दौरान हिमुडा के अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे। विधायक ने अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक हरीश जनार्था ने कॉलोनी में बने आवासीय भवनों का विस्तार से निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की ओर से लगातार भवनों में तकनीकी खामियों और पानी रिसाव की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन किया।विधायक ने कहा कि भवनों में सबसे गंभीर समस्या पानी की लीकेज की सामने आई है। कॉलोनी की ऊपरी मंजिलों में बनाए गए इनबिल्ट वॉटर टैंकों से लगातार पानी का रिसाव हो रहा है, जिससे भवनों की दीवारों और संरचना को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि इन टैंकों को जल्द हटाकर बाहरी स्थानों पर स्थापित किया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने यह कार्य सितंबर महीने तक पूरा करने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा कॉलोनी की सड़क कनेक्टिविटी को लेकर भी विधायक ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। इस संबंध में भी अधिकारियों को जल्द आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
विधायक हरीश जनार्था ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से तय समय सीमा के भीतर सभी समस्याओं के समाधान सुनिश्चित करने को कहा।