Summer express/पलवल, सुंदर कुंडू -: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन को सफल बनाने के उद्देश्य से आयुष विभाग पलवल की ओर से मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पलवल में पीटीआई एवं डीपीआई प्रशिक्षकों के लिए विशेष योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में योग प्रोटोकॉल के विभिन्न अभ्यासों की जानकारी दी गई।
जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. हमीदुल्ला ने बताया कि 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जिला प्रशासन और आयुष विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
हरियाणा योग आयोग और महानिदेशक आयुष हरियाणा के निर्देशानुसार यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, ताकि प्रशिक्षक स्कूलों और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को योग के प्रति जागरूक कर सकें।उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित पीटीआई और डीपीआई अपने-अपने विद्यालयों में विद्यार्थियों व आमजन को नियमित योगाभ्यास करवाएंगे। इसके अलावा गांवों में योग जागरण यात्राएं निकाली जाएंगी तथा जनप्रतिनिधियों, सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भी विशेष योग शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली और बढ़ती बीमारियों के दौर में योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना बेहद जरूरी है।प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभागियों को शिथिलीकरण अभ्यास, बैठकर किए जाने वाले योगासन, पेट के बल किए जाने वाले आसन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास करवाया गया। आयुष योग सहायक पवन वशिष्ठ, अभय पाल रावत, नीरज, सीमा गौतम और वर्षा ने प्रशिक्षकों को योग प्रोटोकॉल का विस्तृत प्रशिक्षण देते हुए योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी।