Summer express/ऊना, राकेश -:रायपुर जिला परिषद वार्ड में चुनावी मुकाबला अब तेज होता जा रहा है। कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी प्रियंका शर्मा द्वारा क्षेत्र में नशे पर अंकुश लगाने और युवाओं के हित में काम करने के बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी ने नया मोड़ ले लिया है। भाजपा समर्थित प्रत्याशी इंदु शर्मा ने प्रियंका के बयान पर पलटवार करते हुए कई सवाल खड़े किए हैं।
इंदु शर्मा ने कहा कि प्रियंका शर्मा का नशे पर नियंत्रण की बात करना यह साबित करता है कि वे स्वयं मानती हैं कि उनकी ही सरकार के कार्यकाल में नशे पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी।उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन वर्षों में आखिर क्षेत्र में नशे को किसने बढ़ावा दिया और इसे फैलाने के लिए जिम्मेदार कौन रहा।भाजपा समर्थित प्रत्याशी ने दावा किया कि उन्हें वार्ड के हर वर्ग और हर क्षेत्र से व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जनता विकास और पारदर्शिता के मुद्दों पर उनके साथ खड़ी है। वहीं प्रियंका शर्मा द्वारा अपने ससुराल, मायके और ननिहाल के इसी वार्ड में होने तथा भारी जनसमर्थन मिलने के दावे पर भी इंदु शर्मा ने जवाब दिया।इंदु ने कहा कि उनका मायका और ससुराल भी इसी जिला परिषद वार्ड से जुड़ा हुआ है और उन्हें भी सभी क्षेत्रों से सकारात्मक समर्थन प्राप्त हो रहा है। चुनाव नजदीक आते ही दोनों प्रत्याशियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार तेज होता दिखाई दे रहा है।