Summer express/मंडी-: जयराम ठाकुर ने स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों को लेकर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह पर तीखा हमला बोला। सराज प्रवास के दौरान भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित बैठकों में उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार चुनावी आंकड़ों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को व्यापक समर्थन मिला है और यह प्रदेश सरकार के खिलाफ जनता के बढ़ते असंतोष का संकेत है। जयराम ठाकुर ने कहा कि शहरी क्षेत्रों के बाद अब ग्रामीण इलाकों में भी लोग कांग्रेस की अधूरी गारंटियों और विकास कार्यों की धीमी रफ्तार से नाराज हैं।नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर पाई है और विकास कार्यों को लेकर सरकार के पास स्पष्ट उपलब्धियां नहीं हैं। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायत और नगर निकाय चुनावों में भी भाजपा बेहतर प्रदर्शन करेगी।जयराम ठाकुर ने यह भी कहा कि प्रदेश की जनता केंद्र सरकार की विकास योजनाओं और प्रधानमंत्री के नेतृत्व पर भरोसा जता रही है। उनके अनुसार, आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।