Summer express, ईरान | ईरान और अमेरिका के बीच लंबे समय से जारी तनाव के बीच अब शांति समझौते को लेकर कूटनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। ईरान ने पुष्टि की है कि उसे अमेरिका की ओर से नया प्रस्ताव मिला है, जिसकी समीक्षा की जा रही है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि अमेरिका को “संतोषजनक जवाब” नहीं मिला तो हालात तेजी से बदल सकते हैं।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई के मुताबिक, अमेरिका का यह प्रस्ताव पाकिस्तान के जरिए ईरान तक पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान दोनों देशों के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है और बातचीत को आगे बढ़ाने में अहम योगदान दे रहा है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान और अमेरिका के बीच कई दौर की अप्रत्यक्ष वार्ता हो चुकी है। ये बातचीत ईरान के 14 सूत्रीय प्रस्ताव को आधार बनाकर आगे बढ़ाई जा रही है। हाल ही में ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी से मुलाकात कर क्षेत्रीय हालात और ईरान-अमेरिका वार्ता पर चर्चा की थी। वहीं खबरें हैं कि पाकिस्तान सेना प्रमुख आसिम मुनीर भी जल्द ईरान का दौरा कर सकते हैं।
दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाया है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को “100 प्रतिशत संतोषजनक जवाब” चाहिए और यदि ऐसा नहीं हुआ तो अमेरिका हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारी स्टीफन मिलर ने भी चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि ईरान के पास दो ही विकल्प हैं—या तो वह अमेरिका की शर्तों वाला समझौता स्वीकार करे या फिर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहे। उन्होंने दावा किया कि ऐसी कार्रवाई “आधुनिक इतिहास में पहले कभी नहीं देखी गई होगी।”
ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ती बयानबाजी और कूटनीतिक हलचल के बीच पूरी दुनिया की नजर अब इस संभावित समझौते और उसके नतीजों पर टिकी हुई है।